रक्तदान में वाराणसी ने पेश की मिसाल, सेवा संकल्प अभियान में 481 यूनिट रक्तदान

Share News

22 केंद्रों पर चला रक्तदान अभियान, मंत्री अनिल राजभर व विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने किया रक्तदान

वाराणसी। सेवा संकल्प अभियान के तहत चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जनपद के 22 केंद्रों पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान जनपदवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कुल 510 यूनिट रक्त का स्वैच्छिक रक्तदान किया। रक्तदान अभियान में प्रदेश सरकार के मंत्री श्रम एवं सेवायोजन, समन्वय अनिल राजभर ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने भी रक्तदान कर अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

इस अवसर पर मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि रक्तदान एक महान सामाजिक सेवा है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में सहायक हो सकता है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि स्वस्थ एवं पात्र नागरिक नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आएं और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहयोग करें। विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है, इसलिए जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में स्वैच्छिक रक्तदाताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए, ताकि आवश्यकता के समय किसी मरीज को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद के 22 केंद्रों पर आयोजित रक्तदान शिविरों में नागरिकों ने जिस उत्साह और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ सहभागिता की है, वह सराहनीय है। अभियान के दौरान 510 यूनिट रक्त का स्वैच्छिक संग्रह हुआ है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक रक्तदाता का योगदान किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि रक्तदान पूरी तरह स्वैच्छिक एवं मानवीय सेवा है। उन्होंने स्वस्थ एवं पात्र नागरिकों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस अभियान का उद्देश्य रक्त की उपलब्धता को मजबूत करना, स्वैच्छिक रक्तदान को प्रोत्साहित करना तथा आमजन में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। जनपदवासियों की सहभागिता से अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिला और बड़ी संख्या में नागरिकों ने आगे बढ़कर रक्तदान किया।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *