
अचानक हुए हमले में बचाने आई मां और बहन भी घायल, क्षेत्र में रोष
वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के बरईपुर गांव में शुक्रवार को पड़ोसियों द्वारा लाठी, रॉड और सरिया से किए गए हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। बताया गया कि बरईपुर निवासी गोलू किसी कार्य से घर से बाहर जा रहा था। इसी दौरान पड़ोस के रहने वाले 4-5 लोगों ने उस पर लाठी, रॉड और सरिया से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में गोलू गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले की जानकारी होने पर गोलू को बचाने के लिए उसकी मां मंजू और बहन गंगा मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और दोनों के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक हमलावरों की गिरफ्तारी की जानकारी नहीं मिली थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
