
वाराणसी। सोसायटी फॉर सोशल रिवोल्यूशन एंड एक्शन (आईएसएसआरए) की ओर से रविवार को अर्दली बाजार स्थित मुख्यालय पर हज के आरजी (प्रोविजनल) चयनित आजमीनों के लिए नि:शुल्क विशेष हज कैंप आयोजित किया जाएगा। कैंप सुबह 10:30 बजे से शाम तीन बजे तक चलेगा। इसमें चयनित आजमीनों को फी टाइप-25 (पे-इन-स्लिप) का नि:शुल्क वितरण किया जाएगा। साथ ही ऑनलाइन आवेदन, हज एप्लीकेशन फॉर्म (एचएएफ) भरने तथा आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया भी नि:शुल्क पूरी कराई जाएगी। उलेमा हज के अरकान, यात्रा की तैयारियों और आवश्यक नियमों की जानकारी देंगे। महिलाओं के लिए अलग से पर्दे की व्यवस्था रहेगी। संस्था के अध्यक्ष मोहम्मद शाहरूख ने बताया कि वाराणसी सहित पूर्वांचल के सभी चयनित हज यात्री इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। हज संबंधी जानकारी के लिए संस्था ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, जिन पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
