
वाराणसी। वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कैंट पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद बाइकों में आठ कैंट और दो शिवपुर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थीं। मामले का खुलासा एसीपी कैंट अपूर्व पांडेय ने कैंट थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में किया। गिरफ्तार आरोपियों में आयुष कुमार (19) निवासी प्रेमनगर, भोजूबीर, कैंट, अरविंद उर्फ किशन (21) निवासी बिंद बस्ती, मंडुवाडीह और ओम केसरी (20) निवासी रसूलगढ़, सारनाथ शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को डीएम कंपाउंड के पीछे से गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों के वाहन चोरी में संलिप्त होने की जानकारी सामने आई। उनके खिलाफ कैंट और शिवपुर थानों में संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बरामद वाहनों के संबंध में भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक कार्रवाई थाना प्रभारी राज किशोर पांडेय के नेतृत्व और एसीपी कैंट अपूर्व पांडेय के निर्देशन में की गई। टीम में उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, सत्यम यादव, रंजना सिंह, कांस्टेबल अतुल कुमार पांडेय, बुद्धि सागर मिश्रा और हेड कांस्टेबल राकेश कुमार भारती शामिल रहे।
