
सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर भी ले गए, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के पिसौर में चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण समेत कीमती सामान चोरी कर लिया। वारदात के बाद चोर मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी उठा ले गए। पुलिस आसपास के कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।पिसौर निवासी अभिषेक कुमार पांडेय ने बताया कि 26 अगस्त की शाम वह बच्चों की पढ़ाई के चलते पिसौर स्थित मकान बंद कर मूल गांव करमौआ खुर्द, थाना नेवढ़िया, जौनपुर गए थे। 27 अगस्त की दोपहर करीब तीन बजे किसी व्यक्ति ने फोन कर मकान का दरवाजा खुला होने की सूचना दी। शाम करीब पांच बजे घर पहुंचने पर अलमारी टूटी और सामान बिखरा मिला।जांच में एक भर सोने की सिकड़ी, सोने की अंगूठी, करीब 15 चांदी के सिक्के, चांदी की लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति, पैंजनी समेत अन्य सामान गायब मिला। चोर सीसीटीवी कैमरा तोड़कर डीवीआर भी ले गए।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। चौकी प्रभारी मानवी शुक्ला ने भी जानकारी ली। तहरीर पर शिवपुर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान में जुटी है।
