
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। समाजवादी पार्टी की ओर से 8 अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ मनाया जाएगा। इसके तहत जिले की सभी विधानसभाओं में बैठकें और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यकर्ता गांव, मोहल्ले और बूथ स्तर तक पहुंचकर मतदाता सूची में नाम और प्रविष्टियों की जांच के लिए लोगों को जागरूक करेंगे। यह जानकारी शनिवार को अर्दली बाजार स्थित सांसद वीरेंद्र सिंह के आवासीय कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में सांसद वीरेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ और जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू ने दी। नेताओं ने कहा कि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज रहना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची के संबंध में लोगों को जानकारी देने का आह्वान किया।अभियान के समापन पर 8 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन होगा। कार्यकर्ता शास्त्री घाट से जुलूस निकालकर डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क पहुंचेंगे। इसके बाद जिलाधिकारी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ एवं जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू एडवोकेट,पूर्व विधायक उदयलाल मौर्या, शशी प्रताप सिंह, उमेश प्रधान, संजय मिश्रा, आकाश मौर्या एवं आनंद यादव आदि थे।
