
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। भोजूबीर की रामलीला में शनिवार की रात को भक्ति, उत्साह और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। लीला में भगवान श्रीराम द्वारा शिव धनुष भंग, माता सीता के संग विवाह तथा लक्ष्मण-परशुराम के बीच तीखे संवाद का सजीव और मनमोहक मंचन किया गया। इस पावन अवसर पर पूरा लीला स्थल ‘जय श्रीराम’ और ‘जय सियाराम’ के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा।लीला की शुरुआत राजा जनक के दरबार में आयोजित भव्य सीता स्वयंवर के दृश्य से हुई। स्वयंवर में दूर-दराज से आए वीर राजा-महाराजाओं ने अपनी-अपनी शक्ति का प्रदर्शन करते हुए शिव धनुष को उठाने का भरसक प्रयास किया, किंतु कोई उसे हिला तक न सका। राजा जनक को निराश देख महर्षि विश्वामित्र की आज्ञा पाकर प्रभु श्रीराम ने सहजता से शिव धनुष को उठाकर जैसे ही उसकी प्रत्यंचा चढ़ाई, वह टूट गया। धनुष भंग होते ही संपूर्ण परिसर में पुष्पवर्षा होने लगी। इसके पश्चात माता सीता ने श्रीराम के गले में जयमाला डाली और दोनों परिणय सूत्र में बंधे, जिसे देख श्रद्धालु भावविभोर हो गए।धनुष टूटने की प्रचंड ध्वनि सुनकर क्रोधित महर्षि परशुराम स्वयंवर स्थल पहुंचे। वहां लक्ष्मण और परशुराम के बीच ओजस्वी व तीखे संवाद का दृश्य प्रस्तुत किया गया, जिसने दर्शकों को बांधे रखा। अंत में श्रीराम की अति-विनम्रता और सौम्यता से परशुराम जी का क्रोध शांत हुआ। आरती के साथ लीला का समापन हुआ।
