
राम को राजा बनाने की घोषणा से नगर में छाई खुशी, मंथरा ने कैकेयी को भड़काया
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। शिवपुर की प्राचीन रामलीला के नौवें दिन शनिवार को श्रीरामचरितमानस की चौपाइयों के बीच दशरथ सभा और कोप भवन लीला का मंचन किया गया। लीला देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। लीला में राजा दशरथ अपने वृद्धावस्था को देखते हुए गुरु वशिष्ठ से श्रीराम को अयोध्या का राजा बनाने की इच्छा व्यक्त करते हैं। श्रीराम के राज्याभिषेक की सूचना से नगरवासियों में खुशी की लहर दौड़ जाती है। वहीं, दासी मंथरा इस निर्णय से दुखी हो जाती है। वह रानी कैकेयी को अपने जाल में फंसाकर राजा दशरथ से पूर्व में दिए गए दो वरदान मांगने के लिए प्रेरित करती है। कैकेयी राजा दशरथ से पहला वरदान भरत को राजा बनाने और दूसरा श्रीराम को 14 वर्ष का वनवास देने के रूप में मांगती हैं। कैकेयी की मांग सुनकर राजा दशरथ व्याकुल हो उठते हैं।इस मार्मिक प्रसंग का मंचन देखकर उपस्थित श्रद्धालु भावुक हो गए। लीला देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
