
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर के समीप रविवार को रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान रविशंकर निवासी ऐढ़े, लालपुर-पांडेयपुर के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार रविशंकर रविवार सुबह करीब 10 बजे अपने घर से सिकंदरपुर के बगल स्थित प्रतापपट्टी गांव में अपनी बहन के घर जाने के लिए निकले थे। रास्ते में रेलवे ट्रैक पार करते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। रविशंकर काफी समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका उपचार भी कराया जा रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा मौके पर पहुंचे। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शिवपुर स्थित मोर्चरी भेज दिया। पुलिस के अनुसार मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
