
लखनऊ से वाराणसी तक कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों और माल्यार्पण से किया अभिनंदन
वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र के नवनियुक्त प्रभारी रमेश सिंह के नई जिम्मेदारी मिलने के बाद पहली बार वाराणसी पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह भव्य स्वागत किया। लखनऊ से वाराणसी तक उनके स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।

लखनऊ से वाराणसी के लिए रवाना हुए रमेश सिंह का जगदीशपुर, अमेठी, सुल्तानपुर, जौनपुर, मछलीशहर और बाबतपुर समेत कई स्थानों पर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। कई स्थानों पर ढोल-नगाड़ों के साथ कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। वाराणसी की सीमा में प्रवेश करने के बाद संत अतुलानंद में भाजपा जिला एवं महानगर के कार्यकर्ताओं ने रमेश सिंह का जोरदार स्वागत किया। उनके पहुंचते ही परिसर ढोल-नगाड़ों की गूंज से उत्साह से भर गया। कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।इसके बाद रमेश सिंह का काफिला सर्किट हाउस पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता जुटे रहे। यहां भी ढोल-नगाड़ों के बीच उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ नवनियुक्त काशी क्षेत्र प्रभारी का अभिनंदन करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। रमेश सिंह के प्रथम वाराणसी आगमन पर लखनऊ से काशी तक हुए स्वागत कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं का उत्साह पार्टी संगठन में नई ऊर्जा का संदेश देता नजर आया।
