
किसान फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से करें
तोरिया/लाही के तिलहन मिनीकेट का निशुल्क वितरण किया गया
वाराणसी। प्रदेश सरकार द्वारा तिलहन फसलों के क्षेत्रफल को बढ़ावा देने एवं किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से शुक्रवार को राजकीय बीज भंडार चांदपुर काशी विद्यापीठ परिसर में तोरिया/लाही के तिलहन मिनीकेट का निशुल्क वितरण किया गया। ई-लॉटरी के माध्यम से चयनित किसानों को मिनिकिट का वितरण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शैलेंद्र कुमार संयुक्त कृषि निदेशक वाराणसी मंडल द्वारा किया गया।
इस अवसर पर उन्होंने किसानों भाइयों से अपील किया गया कि जिन किसानों का खेत खाली है, कैश क्रॉप के रूप में तिलहन फसल तोरिया की बुवाई करे। यह फसल 90 से 95 दिन में तैयार हो जाती है और आगे चलकर उसी खेत में गेहूं या रवि की अन्य फसल की बुवाई की जा सकती है। इस प्रकार तोरिया की खेती करने से अतिरिक्त आय किसानों को प्राप्त हो जाएगी। उनके द्वारा किसानों से रवी के अन्य फसलों के बीज हेतु आनलाइन बुकिंग किए जाने का भी अपील किया गया तथा फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से करने की अपील की गई। उन्होंने सरकार द्वारा किसानों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में बीज भंडार प्रभारी राहुल राज, सहायक विकास अधिकारी बाल्केश्वर सिंह, बी.टी.एम. रामनरेश, तकनीकी सहायक सुप्रिया सोनी, नेहा रानी, अंकिता मौर्या सहित ई-लॉटरी से चयनित किसान नवीन कुमार, छोटेलाल, छविनाथ आदि उपस्थित रहे।
