शिवपुर रामलीला: सीता मिलन और लंका दहन का भावपूर्ण मंचन

Share News

“नवीन प्रधान”

वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। अति प्राचीन एवं प्रसिद्ध शिवपुर रामलीला में शनिवार की रात हनुमानजी द्वारा समुद्र लांघन, माता सीता से मिलन और लंका दहन का भावपूर्ण मंचन किया गया। लीला का यह प्रसंग दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर गया। रामजी का संदेश लेकर महावीर हनुमान समुद्र लांघकर लंका पहुंचे। मार्ग में सुरसा, सिंहिका और लंकिनी जैसी बाधाएँ आईं, लेकिन अपनी बुद्धि, बल और चातुर्य से हनुमानजी ने सबको परास्त कर लंका में प्रवेश किया। अशोक वाटिका में उन्होंने माता सीता का दर्शन किया और प्रभु श्रीराम का संदेश सुनाकर उनकी अंगूठी प्रस्तुत की। माता सीता ने भी चूड़ामणि देकर श्रीराम को संदेश पहुँचाने की प्रार्थना की।

इसके पश्चात हनुमानजी ने रावण की सभा में जाकर अपनी वीरता का परिचय दिया। पूंछ में आग लगाए जाने पर उन्होंने अपनी महाशक्ति से बंधन तोड़कर पूरी लंका को अग्नि में जला डाला, परंतु अशोक वाटिका जहां माता सीता विराजमान थीं, उस स्थान को अछूता रखा।

समिति के अध्यक्ष अतुलेश उपाध्याय ने कहा कि “हनुमानजी का यह प्रसंग शक्ति, नीति और भक्ति का अद्भुत संगम है। दर्शकों को यह लीला साहस और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।” मंत्री त्रिलोकीनाथ सेठ ने बताया कि “समुद्र लांघन से लेकर लंका दहन तक का मंचन रामलीला की आत्मा है। कलाकारों ने अपने अभिनय से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।” शिवपुर की रामलीला में यह लीला दर्शकों के हृदय में अमिट छाप छोड़ गई।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *