केंद्रीय कारागार की रामलीला में लंका दहन

Share News

हनुमान ने लंका जलाकर रावण की सत्ता को दी चुनौती

सातवें दिन बाली वध, सीता की खोज, अशोक वाटिका और लंका दहन की लीला का हुआ मंचन

वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। केंद्रीय कारागार में चल रही रामलीला के सातवें दिन बाली वध, सुग्रीव का राज्याभिषेक, माता सीता की खोज, हनुमान-सीता संवाद और लंका दहन की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।लीला में दिखाया गया कि सुग्रीव भगवान श्रीराम को बताते हैं कि बाली के भय से उन्हें छिपकर रहना पड़ रहा है।

इसके बाद भगवान राम बाली का वध कर सुग्रीव को किष्किंधा का राजा और अंगद को युवराज बनाते हैं। राज्याभिषेक के बाद सुग्रीव अपने वानर वीरों को माता सीता की खोज में चारों दिशाओं में भेजते हैं। युवराज अंगद के नेतृत्व में वानर सेना समुद्र तट पर पहुंचती है और लंका जाने के लिए समुद्र पार करने का उपाय सोचती है।इसी दौरान गुफा में बैठे संपाति के कानों में वानरों की बातें पड़ती हैं। वह बाहर आकर उन्हें खाने की बात करता है, जिससे वानर भयभीत हो जाते हैं। अंगद के मुख से अपने भाई जटायु के रामकाज के लिए प्राण न्योछावर करने की बात सुनकर संपाति भावुक हो जाता है। वह वानरों से समुद्र तट पर ले चलने का आग्रह करता है, ताकि अपने भाई को जलांजलि दे सके। इसके बाद संपाति बताता है कि रावण माता सीता का हरण कर उन्हें लंका की अशोक वाटिका में रखे हुए है।

जामवंत भगवान हनुमान को उनकी शक्ति का स्मरण कराते हैं और माता सीता की सुधि लेने के लिए लंका जाने को प्रेरित करते हैं। हनुमान समुद्र पार कर लंका पहुंचते हैं, जहां उनकी भेंट रावण के भाई विभीषण से होती है। इसके बाद वह अशोक वाटिका में माता सीता के दर्शन कर उन्हें विश्वास दिलाते हैं कि भगवान श्रीराम शीघ्र ही लंका पहुंचकर उन्हें मुक्त कराएंगे।भूख लगने पर हनुमान माता सीता से अनुमति लेकर अशोक वाटिका में फल खाने लगते हैं और वृक्षों को उखाड़ देते हैं। इसकी सूचना मिलने पर रावण अपने पुत्र अक्षय कुमार को भेजता है, लेकिन हनुमान उसका वध कर देते हैं। इसके बाद इंद्रजीत हनुमान को बांधकर रावण के दरबार में ले जाता है। रावण उनकी पूंछ में आग लगवा देता है। हनुमान इसी अग्नि से पूरी लंका में आग लगा देते हैं।

इस अवसर पर केंद्रीय कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र, चिकित्साधिकारी अभिषेक सिंह, जेलर अखिलेश कुमार, डिप्टी जेलर अमित कुमार वर्मा, अशोक कुमार राय, अयोध्या प्रसाद, भोजराज, अमिता श्रीवास्तव, संदीप खरे थे।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *