अर्दलीबाजार रामलीला: पंचवटी में सुपनखा की कटी नाक

Share News

खर-दूषण वध और आकर्षक विमान झांकी से गूंजे जयकारे

​वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। अर्दली बाजार की रामलीला में पंचवटी निवास के दौरान हुए महत्वपूर्ण घटनाक्रम की जीवंत प्रस्तुति ने रामलीला प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लंका नरेश रावण की बहन शूर्पणखा (सुपनखा) लंका से घूमते हुए श्रीराम की कुटिया पर पहुंची और प्रभु श्रीराम का मनोहारी रूप देखकर उन पर मोहित हो गई। राक्षस रूप त्यागकर एक सुंदर नारी के रूप में उसने श्रीराम से विवाह का प्रस्ताव रखा। वनवासी श्रीराम ने स्वयं के विवाहित होने की बात कहकर जब उसे मना किया, तो वह भ्राता लक्ष्मण के पास गई। लक्ष्मण ने भी विवाह से इंकार कर दिया, जिससे क्रोधित होकर शूर्पणखा माता सीता पर आक्रमण करने के लिए उद्यत हो गई।
​यह देख लक्ष्मण का क्रोध सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने तलवार से शूर्पणखा की नाक काट दी तथा चेतावनी दी कि स्त्री होने के नाते उसे जीवनदान दिया जा रहा है, अन्यथा उसका वध निश्चित है। इसके बाद वह चीखती-चिल्लाती और धमकी देती हुई वहां से भाग गई।


​नक्कटैया की इस शानदार प्रस्तुति के बाद मंचन में रावण के भाइयों खर और दूषण के साथ भीषण युद्ध, लखनलाल द्वारा खर-दूषण का वध, मां काली के दर्शन तथा आकर्षक लाग विमान की झांकी ने दर्शकों को पूरी तरह आनंदित कर दिया। पंडाल ‘जय श्रीराम’ और ‘जय लक्ष्मण’ के जयकारों से गूंज उठा। इस धार्मिक आयोजन में वरिष्ठ भाजपा नेता शिवनाथ यादव, समिति के वरिष्ठ पंडित श्याम जी पांडेय, अध्यक्ष अनिल पांडेय, महामंत्री विपुल कुमार पाठक, मंत्री घनश्याम गुप्ता, नितिन बरनवाल, जेपी सिंह, बब्बू सिंह, कृष्ण मोहन सैनी, राजू आदि थे।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *