
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। भोजूबीर में आयोजित प्राचीन रामलीला में मंगलवार की कलाकारों ने सन्त वर्णन से लेकर सुग्रीव के राज्याभिषेक तक के मनमोहक प्रसंगों का सजीव मंचन किया।लीला की शुरुआत में श्रीराम-लक्ष्मण द्वारा सन्त-असन्त के लक्षणों के वर्णन का सुंदर अभिनय दिखाया गया। इसके पश्चात ऋष्यमूक पर्वत के पास विप्र रूप में आए पवनपुत्र हनुमान और श्रीराम की भावपूर्ण भेंट हुई। हनुमान जी ने प्रभु श्रीराम का परिचय सुग्रीव से कराया और अग्नि को साक्षी मानकर दोनों के बीच अटूट मित्रता स्थापित कराई।सुग्रीव के कष्टों को दूर करने के लिए श्रीराम ने एक ही बाण से अत्याचारी बालि का वध कर दिया। बालि वध के उपरांत किष्किंधा के राजा के रूप में सुग्रीव का पूर्ण धार्मिक विधि-विधान के साथ राज्याभिषेक संपन्न हुआ। ‘जय श्रीराम’ और ‘जय हनुमान’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। अंत में महाआरती के साथ लीला को विश्राम दिया गया।
