
वाराणसी। रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित अर्थ थिएटर फेस्टिवल के दूसरे दिन रविवार को दो शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। प्रसिद्ध अभिनेता पंकज कपूर ने ‘दोपहरी’ का एकल नाटकीय पाठ प्रस्तुत किया। प्रस्तुति के समापन पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। महोत्सव की दूसरी प्रस्तुति मीता वशिष्ठ अभिनीत नाटक ‘महादेव’ की रही। आशुतोष द्विवेदी द्वारा लिखित और कुलविंदर बख्शीश सिंह के निर्देशन में मंचित नाटक में शक्ति के निष्काम प्रेम और सदाशिव के अनंत स्वरूप को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। मीता वशिष्ठ के साथ काशी की बेटी अपूर्वा मोहिनी पंडित ने सशक्त अभिनय से दर्शकों की विशेष प्रशंसा हासिल की। कल्पिता राणे, सयाली कुबड़े, पूजा पटेल, वंदना, अक्षिता और सिल्की भार्गव के अभिनय को भी सराहा गया। प्रकाश संयोजन चेतन धावले और संगीत समन्वय भूषण भावसार ने किया। प्रोडक्शन टीम में मुमताज अली और सरगम गुप्ता के साथ स्थानीय युवा रंगकर्मियों अजीत कुमार, भानु प्रताप, आनंद कुमार, नवीन जायसवाल, अमरजीत सिंह, भूमिका सिंह और रीत्विक सिंह ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। निर्माता अभिषेक नारायण ने कहा कि ‘वीमन्स ट्रायलॉजी’ के तीनों नाटक ‘कर्ण’, ‘माधव’ और ‘महादेव’ लेकर जल्द ही दोबारा काशी आएंगे। आयोजन की सफलता में बनारस के रंगगुरु पं. अविनाश पाण्डेय का विशेष मार्गदर्शन और सहयोग रहा।
