
वाराणसी। जल पुलिस द्वारा बताया गया कि खराब मौसम व गंगाजी में बढ़े हुए जल स्तर के दृष्टिगत एनडीआरएफ व उच्चाधिकारीगण से वार्ता के उपरांत यात्रियों की जान माल की सुरक्षा के मद्देनजर नावों का संचालन विगत दिनों रोका गया था। किंतु मौसम व जल स्तर में सुधार होने के पश्चात आज बुधवार से नाव का संचालन पुनः शुरू कराया गया है।
अपर जिला मजिस्ट्रेट (वि0/रा०) डॉ सदानंद गुप्ता द्वारा बताया गया कि केन्द्रीय जल आयोग के अनुसार जनपद में बुधवार को प्रातः 08:00 बजे गंगा नदी का जलस्तर 63.61 मीटर दर्ज किया गया है। जनपद वाराणसी में गंगा नदी का चेतावनी जलस्तर 70.26 मीटर, खतरे का जलस्तर 71.26 मीटर तथा उच्चतम बाढ़ स्तर (HFL) 73.90 मीटर निर्धारित है। दिनांक 11.08.2026 को प्रातः 08:00 बजे गंगा नदी का जलस्तर 63.71 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी जलस्तर से 6.50 मीटर नीचे है। इससे स्पष्ट है कि वर्तमान में गंगा नदी का जलस्तर पूर्णतः सामान्य स्थिति में है तथा बाढ़ की कोई स्थिति विद्यमान नहीं है।
