रविंद्र जायसवाल ने कहा कि अवैध निर्माण के खिलाफ सख्ती और आमजन के प्रति संवेदनशीलता—दोनों साथ-साथ चलनी चाहिए

Share News

छोटे निर्माण कार्यों में आमजन को बेवजह परेशान न करें-स्टाम्प मंत्री

वाराणसी। प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में बैठक के दौरान विकास प्राधिकरण के जोनल अधिकारियों एवं क्षेत्रीय अभियंताओं की कार्यशैली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए आमजन को अनावश्यक रूप से परेशान न किए जाने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गरीब और सामान्य वर्ग के लोगों द्वारा अपनी भूमि अथवा मकान में छोटे-मोटे निर्माण, मरम्मत या आवश्यक सुधार कार्य कराए जाने के दौरान उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्यशैली किसी भी दशा में उचित नहीं है। विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी और अधिकार क्षेत्र का संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने निर्देशित किया कि छोटे-मोटे निर्माण अथवा मरम्मत कार्यों के मामलों में बिना वजह किसी को परेशानी न होने पाए।

मंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय अभियंता और जोनल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी तरह अवैध निर्माण पर प्रभावी ढंग से रोक लगाएं। अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साथ ही वैध एवं आवश्यक निर्माण कार्यों को लेकर आम नागरिकों के सामने अनावश्यक दिक्कतें भी उत्पन्न नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष को निर्देशित किया कि क्षेत्रीय अभियंताओं और जोनल अधिकारियों की कार्यशैली की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा अपने दायित्वों के निर्वहन में किसी प्रकार की मनमानी अथवा आमजन को अनावश्यक परेशानी पहुंचाने की शिकायत सामने आती है तो उसकी गंभीरता से समीक्षा की जाए। मंत्री ने विशेष रूप से कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य आमजन को परेशान करना नहीं, बल्कि नियोजित एवं सुव्यवस्थित विकास सुनिश्चित करना है। इसलिए अधिकारी नियमों का पालन कराने के साथ-साथ मानवीय दृष्टिकोण भी अपनाएं। रविंद्र जायसवाल ने दोहराया कि अवैध निर्माण के खिलाफ सख्ती और आमजन के प्रति संवेदनशीलता—दोनों साथ-साथ चलनी चाहिए। उन्होंने विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा कार्यशैली में सुधार लाने को कहा।

बैठक में उपाध्यक्ष विकास प्राधिकरण के अलावा पार्षद रोहित मिश्रा, पार्षद सिद्धनाथ शर्मा, पार्षद सुशील गुप्ता, पार्षद संदीप रघुवंशी, पार्षद राजेंद्र यादव, पार्षद राजेंद्र मौर्य, पार्षद विनय सडेजा, पार्षद बलीराम कन्नौजिया पार्षद कुसुम पटेल, पूर्व पार्षद दिनेश यादव, पार्षद अमित मौर्या, पार्षद अभय पांडेय, दिनेश सिंह दीनू आदि लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *