ओलंपियन विवेक सिंह द्वार’ केवल एक प्रवेश द्वार नहीं, बल्कि युवाओं और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का प्रतीक है-रविन्द्र जायसवाल

Share News

स्टाम्प मंत्री ने ‘ओलंपियन विवेक सिंह द्वार’ का किया लोकार्पण, खिलाड़ियों को दिया प्रेरणा का संदेश

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रविन्द्र जायसवाल ने शुक्रवार को शिवपुर विधानसभा क्षेत्र के तरना वार्ड स्थित भरलाई गुरुनानक चौराहा पर अपनी विधायक निधि से लगभग 7.16 लाख रुपये की लागत से निर्मित ‘ओलंपियन विवेक सिंह द्वार’ का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास में खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, संघर्ष, आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति की भावना का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वाराणसी के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है तथा ओलंपियन विवेक सिंह ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से काशी का नाम पूरे देश और दुनिया में गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि ‘ओलंपियन विवेक सिंह द्वार’ केवल एक प्रवेश द्वार नहीं, बल्कि युवाओं और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का प्रतीक है। इस द्वार से गुजरने वाला प्रत्येक युवा यह महसूस करेगा कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर कोई भी व्यक्ति अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकता है। उन्होंने उपस्थित खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे ओलंपियन विवेक सिंह के संघर्ष, समर्पण और उपलब्धियों से प्रेरणा लेकर खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करें। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश में आधुनिक खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, खिलाड़ियों के लिए बेहतर प्रशिक्षण, पुरस्कार और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं ताकि उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।अपने संबोधन में उन्होंने यह भी कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के विकास के साथ-साथ युवाओं को सकारात्मक दिशा देना है। इसी उद्देश्य से विधायक निधि का उपयोग जनहित के कार्यों एवं प्रेरणादायी परियोजनाओं पर किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह द्वार आने वाली पीढ़ियों को खेलों के प्रति जागरूक करेगा और क्षेत्र के बच्चों में आगे बढ़ने का उत्साह जगाएगा। लोकार्पण के उपरांत मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने मौके पर मौजूद खिलाड़ियों से संवाद भी किया और उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह के दौरान उपस्थित खिलाड़ियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र के एक ओलंपियन के सम्मान में बनाया गया यह द्वार युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।

इस अवसर पर गौरी शंकर सिंह, हेमंत सिंह, प्रशांत, अरविंद सिंह, मंडल अध्यक्ष विवेक पांडेय, पार्षद रोहित मिश्रा, पार्षद संदीप रघुवंशी, पार्षद बलीराम कन्नौजिया, पूर्व पार्षद दिनेश यादव के अलावा सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, खेल प्रेमी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *