
वाराणसी। अर्दली बाजार स्थित महावीर मंदिर पर नाग पंचमी महोत्सव के तहत मंगलवार को रात्रि जागरण में सांसद एवं भोजपुरी गायक मनोज तिवारी ने अपने भक्ति गीतों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। ‘बम-बम बोल रहा है काशी’, ‘हर-हर महादेव’ और ‘भोले बाबा के दरबार में’ जैसे भक्ति गीतों से मनोज तिवारी ने श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। मनोज तिवारी ने मंच से ‘श्री राम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में’ और ‘हे भोलेनाथ’ जैसे लोकप्रिय भक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। उनके गीतों पर महिला-पुरुष श्रद्धालु झूमते और हर-हर महादेव का जयघोष करते रहे।

कार्यक्रम संयोजक अजय चौबे ने साफा बांधकर मनोज तिवारी का स्वागत किया। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुजीत सिंह डॉक्टर और पार्षद विनय शादेजा को सम्मानित किया गया। समिति की ओर से श्रद्धालुओं में लड्डू और पानी का वितरण किया गया। हनुमान जी का भव्य श्रृंगार किया गया जो मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम का संचालन रमेश बधावन ने किया। इस दौरान अमित सेवा रामानी, दिव्यांग पाठक, प्रभुनाथ दाढ़ी, सतीश शर्मा, ऊपाल, बबलू सोनकर, सत्यम जायसवाल सहित समिति के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।
