
सिर पर कलश लेकर मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने यात्रा का नेतृत्व किया
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल बुधवार को शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के सारनाथ मंडल में आयोजित संत शिरोमणि रविदास जी की पावन कलश यात्रा में शामिल हुए और सिर पर कलश रखकर यात्रा का नेतृत्व किया। इस दौरान उन्होंने संत रविदास जी के आदर्शों को आत्मसात करने तथा उनके समरसता, समानता और सामाजिक एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन और उनके विचार मानवता, समानता तथा सामाजिक सद्भाव की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने समाज में भेदभाव और ऊंच-नीच की भावना को समाप्त कर समानता एवं भाईचारे का संदेश दिया। आज आवश्यकता है कि उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता को और मजबूत किया जाए।

कलश यात्रा का शुभारंभ आशापुर चौराहा से हुआ। यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए पहड़िया स्थित काली माता मंदिर के पास पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। कलश यात्रा के मार्ग में आशापुर चौराहा, अशोका तिराहा, पहड़िया चौराहा, नई बस्ती स्थित मंगल करण मंदिर तथा काली माता मंदिर के पास क्षेत्रीय पार्षदों एवं स्थानीय नागरिकों ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। जगह-जगह लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया।

यात्रा में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक, श्रद्धालु एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान पार्षद अभय पाण्डेय, राजेंद्र मौर्या, संजय जायसवाल, राजेश यादव, मदन दुबे तथा बृजेश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
