
वाराणसी। नाग पंचमी के पर्व पर अर्दली बाजार स्थित महावीर मंदिर व्यायामशाला में हवन-पूजन के बाद कुश्ती दंगल में दो दर्जन से अधिक पहलवानों ने भाग लेकर अखाड़े में अपने दांव-पेंच आजमाए। पहलवानों के रोमांचक मुकाबलों ने मौजूद दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि महापौर अशोक तिवारी रहे। कार्यक्रम में पहुंचे स्टाम्प ड्यूटी मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने महावीर मंदिर अखाड़े के लिए सात लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक तकनीक से तैयार कुश्ती गद्दा प्रदान किया। कमेटी के पदाधिकारियों ने मंत्री का स्वागत करते हुए आभार जताया। अध्यक्षता महावीर मंदिर व्यायामशाला के अध्यक्ष एवं पहलवान प्रदीप सोनकर ने की। संचालन महामंत्री तारा प्रसाद सोनकर ने किया। रेफरी की भूमिका मल्लू यादव ने निभाई। कुश्ती संचालन लालबहादुर यादव तथा उपसंचालन सुभाष सोनकर ने किया। दंगल के दौरान पहलवानों ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती देते हुए विभिन्न दांव-पेंच आजमाए। अखाड़े में हुए मुकाबलों को देखने के लिए काफी संख्या में कुश्ती प्रेमी मौजूद रहे।
आयोजन में संजय राय, पार्षद अशोक मौर्या, विनय शादेजा, पार्षद मदनमोहन दुबे, पूर्व पार्षद सुनील सोनकर, संदीप रघुवंशी, अरविन्द सिंह, जगदीश त्रिपाठी आदि थे।
