
क्रय केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए-जिला खरीद अधिकारी
धान खरीद के लिए कुल 39 क्रय केंद्र बनाए गए, खाद्य विभाग के 18, पीसीएफ के 13, पीसीयू के 5, मंडी समिति के 2 और भारतीय खाद्य निगम का 1 केंद्र
धान खरीद की तैयारियों के संबंध में केंद्र प्रभारियों की एक दिवसीय कार्यशाला का हुआ आयोजन
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। धान खरीद की तैयारियों के संबंध में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में केंद्र प्रभारियों की एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें जिला खरीद अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (नागरिक आपूर्ति) अमित कुमार भारतीय एवं जिला खाद्य विपणन अधिकारी अविनाश कुमार झा ने शासन की नीतियों, निर्धारित प्रक्रियाओं, किसानों के पंजीकरण, भुगतान व्यवस्था और क्रय केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी।
जिला खरीद अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (नागरिक आपूर्ति) ने केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि क्रय केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। बताया गया कि धान खरीद के लिए कुल 39 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इनमें खाद्य विभाग के 18, पीसीएफ के 13, पीसीयू के 5, मंडी समिति के 2 और भारतीय खाद्य निगम का 1 केंद्र शामिल है। शासन ने सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का 2,461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।उन्होंने बताया कि किसान, स्वंय मोबाइल, किसान मित्र ऐप अथवा साइबर कैफे के माध्यम से खाद्य एवं रसद विभाग की वेबसाइट fcs.up.gov.in पर पंजीकरण करा सकते हैं। धान खरीद का भुगतान किसानों के आधार लिंक्ड एवं एनपीसीआई मैप्ड बैंक खातों में सीधे किया जाएगा। इससे भुगतान प्रक्रिया पारदर्शी रहेगी। कार्यशाला में फार्मर आईडी के आधार पर धान खरीद की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि जिन किसानों की फार्मर आईडी उपलब्ध है, उन्हें धान बेचने के लिए विभागीय पोर्टल पर अलग से पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं होगी। जिन किसानों की फार्मर आईडी नहीं बनी है, उन्हें खाद्य विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।उन्होंने बताया कि अब तक 555 किसानों ने धान विक्रय के लिए पंजीकरण कराया है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने गत वर्ष से इस वर्ष के क्रय नीति मे किये गये परिवर्तनों के बारे मे विस्तार से अवगत कराया। खासकर के एनामोली डिटेक्शन, नामिनी प्रक्रिया, हैंडलिंग और परिवहन ठेकेदार संबंधी कार्यों के संबंध मे। जिला खरीद अधिकारी ने सभी को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरुप पारदर्शिता पुर्वक किसानों से धान की खरीद करें। किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। ए आर कापरेटिव सुरेंद्र मौर्या ने भी पीसीएफ और पीसीयू के केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि क्रय केंद्रो पर समय से उपस्थित रहें तथा किसानो से व्यवहार अच्छा रखें।

इस कार्यशाला मे मंडी समिति, श्रम विभाग, भारतीय खाद्य निगम, कृषि विभाग के अधिकारी, ई पाप मशीन के इंजीनियर और समस्त क्षेत्रीय विपणन अधिकारी, समस्त विपणन निरीक्षक एवं समस्त क्रय केंद्र प्रभारी उपस्थित थे।
