
शिवपुर थाने परिसर में सजा भारद्वाज आश्रम, देर रात तक जुटे रहे श्रद्धालु
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। शिवपुर की ऐतिहासिक एवं अति प्राचीन रामलीला में सोमवार की रात वनगमन प्रसंग के तहत सुमंत विदाई, केवट संवाद और भारद्वाज आश्रम की भावपूर्ण लीला का मंचन हुआ। मार्मिक प्रसंगों ने दर्शकों को भावुक कर दिया। परंपरा के अनुसार शिवपुर थाने परिसर में भारद्वाज आश्रम का मंच सजाया गया था। देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही।लीला की शुरुआत श्रृंगवेरपुर के गंगा तट से हुई। रात में बट वृक्ष के नीचे विश्राम के बाद श्रीराम ने सुमंत को अयोध्या लौटने का आदेश दिया। सुमंत ने भावुक होकर कहा कि प्रभु के बिना अयोध्या सूनी हो जाएगी और वह खाली रथ लेकर कैसे लौटेंगे।

श्रीराम ने उन्हें पिता की आज्ञा का पालन करने तथा महाराज दशरथ और माताओं को धैर्य देने के लिए कहा। यह सुनकर सुमंत की आंखों से आंसू छलक पड़े। श्रीराम के चरणों की धूल लेकर वह खाली रथ से अयोध्या लौट गए। यह दृश्य देखकर दर्शकों की आंखें नम हो गईं।इसके बाद श्रीराम, सीता और लक्ष्मण गंगा पार करने के लिए केवट के पास पहुंचे। केवट ने प्रभु के चरण धोने की इच्छा जताई। चरण धोने के बाद केवट ने तीनों को नाव से गंगा पार कराया। उतराई देने पर केवट ने यह कहते हुए मना कर दिया कि नाविक नाविक से मजदूरी नहीं लेता। भवसागर पार कराने वाले प्रभु और गंगा पार कराने वाले केवट के संवाद ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

गंगा पार करने के बाद श्रीराम, सीता और लक्ष्मण प्रयाग पहुंचे, जहां थाने परिसर में महर्षि भारद्वाज का आश्रम सजाया गया था। महर्षि ने उनका स्वागत कर चित्रकूट जाने का मार्ग बताया। अंत में श्रीराम, सीता और लक्ष्मण की आरती हुई। थाना प्रभारी, पुलिसकर्मियों और श्रद्धालुओं ने आरती में भाग लिया। इसके बाद जय श्रीराम के उद्घोष के बीच लीला का समापन हुआ।
