
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। गोसाईंपुर स्थित डॉ. घनश्याम सिंह कॉलेज ऑफ एजुकेशन के विद्यार्थियों ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के शिक्षा संकाय और भारत कला भवन का शैक्षिक भ्रमण किया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक संसाधनों, मनोवैज्ञानिक प्रयोगशाला और भारतीय सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना था। शिक्षा संकाय के डीन डॉ. सुनील कुमार सिंह ने विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने शिक्षा, अनुशासन, शोध और निरंतर अध्ययन के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. सोमू कुमार सिंह के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने ग्रंथालय, चाणक्य हॉल, मनोविज्ञान प्रयोगशाला और बहुउद्देशीय हॉल का अवलोकन किया। उन्हें शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी दी गई।इसके बाद भारत कला भवन में विद्यार्थियों ने प्राचीन पाषाण मूर्तियों, ऐतिहासिक कलाकृतियों और पारंपरिक आभूषणों को देखा। महाविद्यालय के प्रशासनिक प्रबंधक संजीव सिंह और प्राचार्य डॉ. सुनील मिश्रा ने कहा कि ऐसे भ्रमण से विद्यार्थियों में ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ती है। भ्रमण विभागाध्यक्ष डॉ. बिंदु सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
