124 वर्ष पुरानी शिवपुर रामलीला में गूंजा श्रीराम का जयघोष

Share News

मुकुट पूजन के साथ शुरू हुई 33 दिवसीय रामलीला, 25 सितंबर से होगा मंचन

वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। आस्था, परंपरा और संस्कृति की जीवंत धरोहर मानी जाने वाली शिवपुर की अतिप्राचीन रामलीला एक बार फिर भगवान श्रीराम के आदर्शों और मर्यादा का संदेश देने के लिए तैयार है। 124 वर्ष पुरानी विश्व प्रसिद्ध शिवपुर रामलीला के आयोजन का गुरुवार की रात पांचो पांडव मंदिर परिसर में विधिविधान से मुकुट पूजन हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और रामायण की चौपाइयों के बीच हुए पूजन से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।रात्रि आठ बजे आयोजित मुकुट पूजन में राम, सीता, भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न की भूमिका निभाने वाले स्वरूपों ने भगवान श्रीगणेश और भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। रामायणी बंधुओं ने ‘गाइये गणपति जगवंदन’ का मंगलगान किया। इसके बाद रामायण के छंद और चौपाइयों का सस्वर पाठ करते हुए रामायण का पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयघोष के साथ रामलीला के सफल और निर्विघ्न आयोजन की कामना की।*अनंत चतुर्दशी से शुरू होगी रामलीला*रामलीला समिति के मंत्री त्रिलोकीनाथ सेठ ने बताया कि शिवपुर रामलीला की शुरुआत प्रतिवर्ष अनंत चतुर्दशी के दिन होती है। इस वर्ष 25 सितंबर से रामलीला का मंचन शुरू होगा और लगातार 33 दिनों तक विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। पीढ़ियों से चली आ रही इस परंपरा में धार्मिक आस्था के साथ लोक संस्कृति और सामाजिक मूल्यों की भी झलक देखने को मिलती है।*नए स्वरूप निभाएंगे राम-सीता की भूमिका*समिति अध्यक्ष अतुलेश उपाध्याय ने बताया कि इस वर्ष श्रीराम की भूमिका उज्ज्वल मिश्रा, माता सीता की भूमिका वैभव मिश्र, भरत की भूमिका प्रांजल बाजपेयी, लक्ष्मण की भूमिका विक्रम चतुर्वेदी और शत्रुघ्न की भूमिका सात्विक शर्मा निभाएंगे। मुकुट पूजन के दौरान स्वरूपों की पूजा-अर्चना के साथ उनके पात्रों के प्रति श्रद्धा और रामलीला की परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया गया।

मुकुट पूजन के अवसर पर समिति अध्यक्ष अतुलेश उपाध्याय, मंत्री त्रिलोकीनाथ सेठ, उपाध्यक्ष विकास सिंह, उपमंत्री रोहित मौर्या, कोषाध्यक्ष आरएन सिंह, व्यास उदय मिश्रा, नरेंद्र श्रीवास्तव, नरसिंह जायसवाल, नवीन प्रधान, ध्यानचंद शर्मा, दिनेश गुप्ता, अनिल कुमार मौर्या, पृथ्वीनाथ शर्मा, शीतला उपाध्याय, भोला शर्मा, शंकर लाल केशरी, सोमारू यादव, दीना सेठ, रवि कपूर, रामबली पांडेय, रमेश तिवारी, अनिल वर्मा समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *