बारिश-बाढ़ ने अब तक 100 से अधिक लोगों की जान ली

Share News

गुवाहाटी/तिरुअनंतपुरम। उत्तर से दक्षिण तक देश के कई राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ का कहर बना हुआ है। असम, केरल और कर्नाटक में 10 दिन के भीतर 100 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, जबकि सैकड़ों लोग जख्मी हैं।

असम सरकार ने राज्य में प्रभावित 75000 से अधिक परिवारों के लिए 160 करोड़ की अंतरिम राहत की पहली किस्त जारी कर दी है। वहीं, केरल और कर्नाटक सरकारों ने भी नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। असम सरकार के अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष अब तक बाढ़ से मरने वालों की संख्या 85 हो गई है।

बाढ़ से कुल प्रभावित लोगों की संख्या 1.36 लाख है। उन्होंने बताया कि शिवसागर, चराइदेव, जोरहाट और गोलाघाट जिलों में लगभग 75000 परिवारों के मकानों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। इनमें से हर परिवार के लिए 15000 की अंतरिम सहायता राशि जारी की गई है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सर्मा ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि प्रभावित परिवारों के बैंक खातों में लगभग 160 करोड़ रुपये सीधे जमा कराए गए हैं। कठिनाइयां झेलने वाले परिवारों के साथ हमारी सरकार मजबूती से खड़ी है। उधर, केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने सोमवार को बताया कि राज्य में बारिश-बाढ़ के कारण 15 लोगों की जान गई है। सात लोग अब भी लापता हैं। उन्होंने बताया कि राहत- बचाव अभियान जारी हैं। 316 राहत शिविरों में 11000 से अधिक लोग शरण लिए हुए हैं। केरल के कई इलाकों में मौसम विज्ञान विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है। मलप्पुरम के पनाक्कड में एक निर्माण स्थल पर भूस्खलन से सड़क बाधित रही। उधर, कर्नाटक में भी तीन लोगों की मौत की पुष्टि अब तक हुई है। सरकार बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन कर रही है।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *