
वाराणसी। नृत्यांग कथक फाउंडेशन की ओर से आयोजित ‘नृत्यांजलि’ (द्वितीय बैठक) का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पांच-छह वर्ष के बच्चों से लेकर युवा वर्ग तक कुल 21 विद्यार्थियों ने कथक की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर गुरु-शिष्य परंपरा और भारतीय शास्त्रीय संस्कृति की समृद्ध विरासत को सजीव कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु-शिष्य परंपरा पर आधारित भावपूर्ण नृत्य-नाटिका से हुआ, जिसमें गुरु के महत्व, ज्ञान परंपरा और शिष्य के समर्पण का प्रभावशाली चित्रण किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने बनारस घराने की कथक शैली की विविध प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित पंडित माता प्रसाद मिश्रा और पंडित रविशंकर मिश्रा ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए भारतीय शास्त्रीय कलाओं के संरक्षण और गुरु-शिष्य परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। समापन सत्र में गायक संतोष मिश्रा ने अपनी प्रस्तुति से समां बांधा। तबले पर उदय शंकर मिश्रा और सारंगी पर ओम सहाय मिश्रा ने प्रभावी संगत दी। संस्था की संस्थापक स्नेहा बजाज और रुद्रशंकर मिश्रा ने बताया कि नृत्यांग कथक फाउंडेशन पिछले सात वर्षों से बनारस घराने की पारंपरिक कथक शैली, शिक्षण पद्धति और गुरु-शिष्य परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, कला-प्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
