76 दिवसीय वार्ड प्रवास के 50 दिन पूरे, विधायक नीलकंठ तिवारी ने 15000 परिवारों से किया सीधा संवाद

Share News

50 दिनों में 24 वार्डों का कम से कम दो बार भ्रमण, 50 से अधिक जनचौपाल और करीब 250 पौधों का हुआ पौधारोपण

वाराणसी। दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी के नेतृत्व में 19 जुलाई से 2 अक्टूबर, गांधी जयंती तक चल रहे 76 दिवसीय वार्ड प्रवास कार्यक्रम के 50 दिन पूरे हो गए। इस दौरान विधायक ने क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद किया और स्थानीय समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराने का प्रयास किया। वार्ड प्रवास के दौरान नगर निगम और जलकल विभाग के अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहते हैं।

कार्यक्रम के तहत विधायक अलग-अलग दिनों में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में भ्रमण कर रहे हैं। इस दौरान पेयजल, सीवर, नाली, गली की पटिया, मैनहोल, पानी की पाइपलाइन सहित स्थानीय समस्याओं की जानकारी लोगों से ली जाती है और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं। 50 दिनों के दौरान डॉ. नीलकंठ तिवारी ने करीब 15000 परिवारों से सीधा जनसंपर्क किया। इस दौरान 50 से अधिक जनचौपाल भी आयोजित की गईं। क्षेत्र में मिली लगभग 300 छोटी-बड़ी शिकायतों के तत्काल निस्तारण का प्रयास किया गया। जिन समस्याओं के लिए बड़े कार्य या अतिरिक्त धन की आवश्यकता थी, उनके संबंध में संबंधित अधिकारियों से वार्ता की गई। आवश्यक होने पर विधायक निधि से कार्य कराने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई गई। वार्ड प्रवास के दौरान स्वच्छता को भी विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। निर्धारित मार्गों पर सफाई अभियान चलाने के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। कहीं मलबा या कूड़ा दिखाई देने पर उसे हटवाने की कार्रवाई भी कराई जाती है। इसके साथ ही प्रतिदिन पांच पौधे लगाने का अभियान चलाया जा रहा है। अब तक करीब 250 पौधों का पौधारोपण किया जा चुका है।

वार्ड प्रवास के 50वें दिन रविवार को विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने ईश्वरगंगी वार्ड में प्रवास किया। इस दौरान स्वच्छता अभियान चलाया गया और विभिन्न स्थानों पर स्थानीय समस्याओं का निरीक्षण किया। मार्ग में कई स्थानों पर खराब पड़ी पटिया को ठीक कराया गया। सीवर से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। आने वाले त्योहारों को देखते हुए उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को क्षेत्र के छोटे-बड़े मंदिरों तक जाने वाले मार्गों को साफ-सुथरा और दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

“24 वार्डों में दो बार पहुंचा वार्ड प्रवास कार्यक्रम”

इन 50 दिनों में दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के सभी 24 वार्डों में कम से कम दो बार भ्रमण किया जा चुका है। वार्ड प्रवास के दौरान अलग-अलग मोहल्लों में खराब सीवर लाइन, पानी की पाइपलाइन, टूटी या उखड़ी पटिया, खराब मैनहोल, मैनहोल के ढक्कन, गली पिट तथा जलापूर्ति से संबंधित समस्याओं को चिन्हित कर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। विधायक के साथ चल रहे नगर निगम एवं जलकल विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी से कई समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया मौके से ही शुरू कराई जा रही है। डॉ. नीलकंठ तिवारी ने इस दौरान क्षेत्रवासियों से संवाद करते हुए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनसुविधाओं को लेकर जागरूक भी किया। वार्ड प्रवास में मंडल अध्यक्ष, पूर्व मंडल अध्यक्ष, क्षेत्रीय पार्षद, नगर निगम के संबंधित अधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक लगातार शामिल हो रहे हैं। 76 दिवसीय इस वार्ड प्रवास का उद्देश्य विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में पहुंचकर जनता की समस्याओं को करीब से समझना, अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर उनका समाधान कराना तथा क्षेत्र में स्वच्छता, हरियाली और जनसुविधाओं को बेहतर बनाना है।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *