
वाराणसी। यूपी कॉलेज में बीए और बीएससी गणित में प्रवेश से वंचित विद्यार्थियों को प्रवेश का अंतिम अवसर दिया गया है। प्राचार्य प्रो. धर्मेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि सीयूईटी अथवा किसी अन्य कारण से अब तक प्रवेश न ले पाने वाले विद्यार्थी 20 अगस्त तक आवेदन कर प्रवेश ले सकते हैं। उन्होंने इच्छुक विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। प्राचार्य ने बताया कि बीएससी गणित में विषय चयन के लिए तीन समूह निर्धारित किए गए हैं। ग्रुप-ए में भौतिकी व अर्थशास्त्र, ग्रुप-बी में गणित तथा ग्रुप-सी में रसायन, सांख्यिकी, रक्षा अध्ययन, मनोविज्ञान, भूगोल और शारीरिक शिक्षा के विकल्प हैं। विद्यार्थियों को प्रवेश के दौरान निर्धारित समूह के अनुसार विषयों का चयन करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि 20 अगस्त के बाद प्रवेश का कोई अवसर नहीं मिलेगा।
