वाराणसी में मजदूर की पीट-पीटकर हत्या, पेड़ से बांधकर पिटाई का फोटो वायरल; दो आरोपी गिरफ्तार

Share News

वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र में एक मजदूर की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने मजदूर को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। इस दौरान उसे पेड़ से बांधकर पीटे जाने की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रामजनम बनवासी के रूप में हुई है। रामजनम ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि वह स्टार मार्का ईंट भट्ठे पर काम करता था। जून में भट्ठा बंद होने के बाद वह अपने घर पर रहने लगा था। आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण बाद में उसने काम की तलाश शुरू की और चौबेपुर क्षेत्र स्थित सरजू मार्का ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने लगा।इसी बीच 21 अगस्त को चोलापुर थाना क्षेत्र में रामजनम का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पुलिस ने उसकी पहचान कराने का प्रयास शुरू किया। करीब पांच दिन बाद 26 अगस्त को शव की पहचान रामजनम बनवासी के रूप में हुई। पहचान होने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। परिजनों की तहरीर के आधार पर चोलापुर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर ने मामले को और गंभीर बना दिया है। तस्वीर में मजदूर को पेड़ से बांधकर पीटे जाने का दावा किया जा रहा है। पुलिस वायरल फोटो और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि रामजनम को किस वजह से बंधक बनाकर पीटा गया और उसकी हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या था। साथ ही घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फिलहाल दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अन्य संदिग्ध आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *