
वाराणसी। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्ट योगदान के लिए वाराणसी डायट के वरिष्ठ प्रवक्ता क्षमाशंकर पांडेय को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान (एनआईईपीए), नई दिल्ली की ओर से 2-3 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।क्षमाशंकर पांडेय द्वारा विकसित शैक्षिक नवाचार ‘घर पर सीखने की व्यवस्था (लर्निंग एट होम)’ को विकासखंड कौड़िहार, प्रयागराज के 119 विद्यालयों में करीब 12,500 विद्यार्थियों पर लागू किया गया। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को घर पर नियमित और व्यवस्थित अध्ययन का अवसर मिला, जिससे उनकी शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया। बेहतर शैक्षिक प्रशासन एवं नवाचार के लिए उत्तर प्रदेश से चयनित 11 शिक्षा अधिकारियों में क्षमाशंकर पांडेय का भी चयन हुआ है। वर्तमान में वह जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), वाराणसी में वरिष्ठ प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं। शिक्षक प्रशिक्षण, शैक्षिक नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
