राजर्षि की विरासत को अक्षुण्ण रखना ही सच्ची श्रद्धांजलि : प्रो. त्यागी

Share News

वाराणसी। उदय प्रताप कॉलेज के राजर्षि सभागार में गुरुवार को राजर्षि उदय प्रताप सिंह जूदेव की 176वीं जयंती भव्य समारोह के साथ मनाई गई। मुख्य अतिथि महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वाधीनता आंदोलन के दौरान महात्मा गांधी और पं. मदन मोहन मालवीय जैसे मनीषियों ने शिक्षा, ज्ञान और स्वतंत्रता की ज्योति जलाई। इनमें राजर्षि उदय प्रताप सिंह जूदेव का नाम भी विशेष आदर से लिया जाता है।उन्होंने कहा कि राजर्षि भविष्यदृष्टा थे। उनके स्थापित उदय प्रताप कॉलेज ने करीब 125 वर्षों में शिक्षा के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई है। आज प्राचीन छात्र, प्रबंध समिति और कॉलेज प्रशासन उनके सपनों को साकार करने में जुटे हैं। कॉलेज की महान विरासत की शाश्वतता सुनिश्चित करना ही राजर्षि के प्रति सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी।समारोह की अध्यक्षता उदय प्रताप शिक्षा समिति के सचिव एवं मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, प्रयागराज के पूर्व प्राचार्य प्रो. यू.एस. सिन्हा ने की। उन्होंने कॉलेज से जुड़े अपने संस्मरण साझा करते हुए कहा, “यह कॉलेज मेरी मां की तरह है। मैंने यहीं से शक्ति और संघर्ष करने की क्षमता अर्जित की।” उन्होंने कॉलेज के विकास के लिए एक वर्ष के भीतर 500 लोगों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम बनाने, दुर्घटना फंड तैयार करने और प्राचीन छात्रों की विकास समिति गठित करने की घोषणा की।

उदय प्रताप शिक्षा समिति के कैंपस कोऑर्डिनेटर एवं बीएचयू के हिंदी विभाग के प्रो. मनोज कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान का सही मूल्यांकन करके ही राजर्षि के मूल्यों की रक्षा और विकास किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्राचीन छात्रों का कॉलेज के विकास में अमूल्य योगदान रहा है और भविष्य में भी उनके सहयोग से मूलभूत ढांचे में बड़ा बदलाव किया जाएगा।प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि राजर्षि का लक्ष्य परंपरा और आधुनिकता में समन्वय स्थापित करना था। उन्होंने बताया कि कॉलेज पिछले छह माह से प्रमाण पोर्टल पर प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। करीब 25 विद्यार्थियों ने नेट क्वालीफाई किया है और 250 विद्यार्थी शोध कार्य में जुटे हैं।इस अवसर पर रानी मुरार कुमारी बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत और कुलगीत प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों वैभवी सिंह, प्रिंसी पांडेय, अनुभव यादव, यशस्वी दुबे और स्वास्तिक त्रिपाठी ने राजर्षि को भावांजलि अर्पित की। प्राचीन छात्र अरविंद सिंह ने कहा कि राजर्षि का समाज पर बड़ा ऋण है और प्राचीन छात्र कॉलेज के विकास में हरसंभव सहयोग करेंगे।

*भवनों का लोकार्पण*

राजर्षि जयंती के अवसर पर रानी मुरार कुमारी बालिका इंटर कॉलेज के नवनिर्मित भवन तथा उदय प्रताप कॉलेज के महिला छात्रावास के ब्लॉक-बी का लोकार्पण शिक्षा समिति के सचिव प्रो. यू.एस. सिन्हा ने किया। उदय प्रताप इंटर कॉलेज के इंटरमीडिएट भवन के जीर्णोद्धार का कार्य भी पूरा हुआ।

समारोह में डॉ. चेतनारायण सिंह, वरिष्ठ साहित्यकार डॉ राम सुधार सिंह,डा.मेजर अरविन्द कुमार सिंह, डॉ. मूलचंद सिंह, प्रो. एसके सिंह, डॉ. दुर्ग विजय सिंह, चारुचंद्र राम त्रिपाठी, रामललित सिंह, डॉ. योगेंद्र प्रताप सिंह, प्रो. मनीष कुमार सिंह, अखिलेश प्रताप सिंह, प्रो. चंद्र प्रकाश सिंह, प्रो. एनपी सिंह, प्रो. सुधीर कुमार राय, प्रो. सुधीर कुमार शाही, प्रो. रमेश धर द्विवेदी, प्रो. शशिकांत द्विवेदी, प्रो. गोरखनाथ, डॉ. डी.डी. सिंह, प्रो. डीके सिंह, प्रो. अंजू सिंह, डॉ. अनीता सिंह, प्रो. अमन कुमार गुप्ता, संगीता कुमार, ज्ञान प्रभा सिंह, प्रो. पंकज कुमार सिंह, प्रो. अनिल सिंह, प्रो. मनोज प्रकाश त्रिपाठी, डॉ. प्रदीप कुमार सिंह, डॉ. आनंद राघव चौबे, प्रो. मधु सिंह, प्रो. तुमुल सिंह, प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह और सौरभ कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आभार डॉ. रमेश प्रताप सिंह और संचालन शरद श्रीवास्तव ने किया।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *