
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल, उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों ने स्टारलिंक जैसी विदेशी कंपनियों को सैटेलाइट इंटरनेट सेवा की अनुमति देने से पहले राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की गहन जांच की मांग की है।प्रदेश सचिव एवं प्रवक्ता सोमनाथ विश्वकर्मा ने कहा कि भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोपरि है। इंटरनेट केवल संचार का जरिया नहीं, बल्कि अर्थव्यवस्था और आंतरिक सुरक्षा का हिस्सा है। इसलिए डेटा सुरक्षा, भारतीय गेटवे के जरिए ट्रैफिक संचालन और सुरक्षा एजेंसियों के साथ पूर्ण सहयोग सुनिश्चित होना अनिवार्य है।

प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सोबती ने जोर दिया कि संवेदनशील मामलों में भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के पास आवश्यक कार्रवाई और तकनीकी नियंत्रण का अधिकार होना चाहिए। राष्ट्रीय सुरक्षा की अनदेखी कर किसी कंपनी को व्यावसायिक लाभ देना अनुचित होगा।वहीं, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक जायसवाल और प्रदेश संगठन मंत्री जितेंद्र चतुर्वेदी ने स्वदेशी तकनीकों और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान को प्रोत्साहित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत तकनीक का विरोधी नहीं है, लेकिन देश में काम करने वाली विदेशी कंपनियों के लिए समान व पारदर्शी नियम लागू होने चाहिए। संगठन ने केंद्र सरकार से आत्मनिर्भर भारत की भावना के तहत देशहित में फैसला लेने का अनुरोध किया।
