
यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में शामिल होने के बाद केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने किया सारनाथ का भ्रमण
वाराणसी । केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मंगलवार को अपने एकदिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में शामिल होने के बाद सारनाथ का भ्रमण किया। उन्होंने धार्मिक स्तूप एवं पुरातात्विक खंडहरों का निरीक्षण कर इसे देश और वाराणसी के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।पत्रकारों से बातचीत में शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सारनाथ को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में स्थान मिला है, जिससे यह भारत का 45वां यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल बन गया है। उन्होंने कहा कि इससे काशी और भगवान बुद्ध की प्रथम उपदेश स्थली सारनाथ की वैश्विक पहचान और मजबूत होगी तथा देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और बौद्ध श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से पर्यटन, सांस्कृतिक गतिविधियों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सारनाथ वह पावन भूमि है, जहां भगवान बुद्ध ने धर्मचक्र प्रवर्तन कर पूरी मानवता को शांति, करुणा और अहिंसा का संदेश दिया था। उन्होंने विश्वास जताया कि विश्व धरोहर का दर्जा मिलने से सारनाथ के संरक्षण, संवर्धन और वैश्विक प्रचार-प्रसार को नई गति मिलेगी तथा भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को विश्व स्तर पर और अधिक प्रतिष्ठा प्राप्त होगी।
