हिंदी जनमानस को जोड़ने वाली सशक्त भाषा : सदानंद सिंह

Share News

वाराणसी। उदय प्रताप कॉलेज के हिंदी विभाग की ओर से सोमवार को हिंदी दिवस पर राजर्षि सभागार में ‘हिंदी है पहचान हमारी’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित हुई। मुख्य अतिथि जनकवि शिवकुमार ‘पराग’ ने कहा कि हिंदी लोक भाषा है और उसे ताकत लोक से ही मिलती है। लोक से जुड़कर ही हिंदी आज वैश्विक पहचान बना रही है। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान नेताओं ने जनता तक अपनी बात पहुंचाने के लिए हिंदी को माध्यम बनाया। माखनलाल चतुर्वेदी और सुभद्रा कुमारी चौहान जैसे रचनाकारों की प्रेरणादायी रचनाओं ने जनमानस को आंदोलित किया। उन्होंने ‘तिनका तिनका जोड़कर लाती रही जिंदगी’ कविता प्रस्तुत की।अध्यक्षता करते हुए डॉ. सदानंद सिंह ने कहा कि हिंदी जोड़ने वाली भाषा है। राष्ट्रीय आंदोलन में भी उसने यह भूमिका निभाई और आज भी निभा रही है। दुनिया में करीब 61 करोड़ लोग हिंदी का व्यवहार करते हैं। प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि संविधान सभा में भाषा को लेकर सर्वाधिक बहस हुई थी। आज हिंदी फिल्मों, साहित्य, ज्ञान-विज्ञान और सामाजिक माध्यमों की भाषा बनने के साथ नई पीढ़ी की भाषा भी बन रही है। उन्होंने कहा कि हिंदी के विकास में वाराणसी और उदय प्रताप कॉलेज का महत्वपूर्ण योगदान है। उदय प्रताप कॉलेज हिंदी की सुगंध है। वरिष्ठ कवि डॉ. अशोक कुमार सिंह ने ‘शहर इतना शहर हो जाएगा…’ और ‘अंधों के शहर में आईना बेचता हूं’ कविताएं प्रस्तुत कीं।

छात्र-छात्राओं में आंचल प्रजापति, सुधांशु दुबे, श्रेया जायसवाल और पिंकी उपाध्याय ने विचार रखे। संचालन प्रो. गोरखनाथ तथा आभार प्रो. मधु सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रो. रमेशधर द्विवेदी, प्रो. पंकज कुमार सिंह, प्रो. सुधीर कुमार राय, प्रो. शशिकांत द्विवेदी, प्रो. संजीव कुमार, प्रो. तुषारकांत श्रीवास्तव , डॉ. प्रदीप कुमार सिंह, डॉ. अनूप कुमार सिंह, डॉ.अशोक कुमार सिंह, डॉ. अनिल कुमार सिंह, डॉ. शशिकांत सिंह, डॉ. जितेन्द्र सिंह, डॉ. कृष्ण कुमार भारती, डॉ. संजय स्वर्णकार, डॉ. देवेशचंद्र, डॉ. विजय कुमार सिंह, डॉ. चंद्रशेखर सिंह, डॉ. वंश गोपाल यादव , डा. अतुल कुमार पाण्डेय, डॉ. विनोद पाल , डॉ. लालेंद्र सिंह, डॉ. नवीन कुमार यादव, डॉ. सत्य शरण मिश्रा,डॉ. नीलेश सिंह, डॉ. चंदन कुमार सिंह, डॉ. विनय कुमार आदि थे।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *