
वाराणसी। कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज अर्दली बाजार में सोमवार को छात्र संवाद, मार्गदर्शन एवं अनुप्रेरक कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी (राजस्व) डॉ. अंजलि सिंह ने छात्राओं को करियर के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर उसके प्रति समर्पित रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य तय करने के साथ निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच जरूरी है। संवाद कार्यक्रम में छात्राओं ने लोक सेवा आयोग की तैयारी, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए रणनीति और सोशल मीडिया से जुड़े सवाल पूछे। एसडीएम ने अपने अनुभव साझा करते हुए छात्राओं की जिज्ञासाओं का सरल और प्रेरणादायी ढंग से समाधान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार करियर का चुनाव करें तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए नियमित अध्ययन की आदत विकसित करें। छात्राओं श्रेया पटेल, वैष्णवी गुप्ता, मुस्कान सिंह, नंदनी, प्रज्ञा, अंशिका अग्रवाल, कृति यादव, अंजलि यादव और सोनाक्षी यादव ने विभिन्न प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान पाया। प्रधानाचार्य पूनम सिंह ने मुख्य अतिथि का सम्मान किया। कार्यक्रम में शिक्षिकाएं प्रेमलता, नीलम चतुर्वेदी, साधना, दीप्ति दीक्षित, आभा श्रीवास्तव समेत अन्य शिक्षिकाएं मौजूद रहीं। संवाद कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर उपयोगी सुझाव भी प्राप्त किए।
