
वाराणसी। श्री अग्रसेन जयंती के 12 दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ शुक्रवार को सेवा कार्य के साथ हुआ। महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर श्री काशी अग्रवाल समाज की ओर से सारनाथ के हीरामनपुर स्थित वृद्धाश्रम में कुष्ठ रोगियों एवं महिलाओं-पुरुषों को वस्त्र, साड़ी, फल और मिष्ठान वितरित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वीडीए बोर्ड सदस्य अंबरीश सिंह भोला और सभापति संतोष कुमार अग्रवाल ने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। आश्रम में रहने वाली करीब 60 महिलाओं तथा अन्य कुष्ठ रोगियों के लिए 100 चादर, साड़ी, पुरुषों के लिए बनियान-लुंगी और खाद्य सामग्री दी गई। सभापति संतोष अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने समाज में सहयोग और अहिंसा की भावना को बढ़ावा दिया, जबकि गांधीजी ने अहिंसा को सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बनाया। शास्त्रीजी का जीवन देशसेवा और आत्मनिर्भरता की प्रेरणा देता है। परिसर में पौधरोपण भी किया गया। संचालन सलिल अग्रवाल ने किया।
