
डिजिटल सुविधा के साथ सतर्कता जरूरी : बैंक अधिकारियों ने साइबर धोखाधड़ी से बचाव के बताए उपाय
वाराणसी। डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते उपयोग के बीच वित्तीय सुरक्षा और साइबर सतर्कता को लेकर बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से वित्तीय प्रबंधन एवं साइबर सुरक्षा विषय पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। महाप्रबंधक आशुतोष पंत के दिशा-निर्देश एवं प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी के मार्गदर्शन में प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र के सभागार में हुई कार्यशाला में अधिकारी, कर्मचारी और सेवानिवृत्त रेलकर्मी शामिल हुए।भारतीय स्टेट बैंक, बरेका की वरिष्ठ शाखा प्रबंधक ऋचा त्रिपाठी ने वेतन पैकेज, योनो, नेट बैंकिंग, केवाईसी, ऋण एवं जमा योजनाओं, बीमा, कर भुगतान, व्हाट्सऐप बैंकिंग तथा डेबिट-क्रेडिट कार्ड के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक न करने, संदिग्ध अनुप्रयोग डाउनलोड नहीं करने और ओटीपी, पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी। धर्मेन्द्र कुमार ने रेलवे वेतन पैकेज, अभिषेक गुप्ता ने पेंशनर्स की सुविधाओं और अबू ओबैद ने बीमा व पेंशन की जानकारी दी। प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
इस दौरान समीर पॉल, सुभाष चंद्र यादव, संजय पीसे, राजकुमार गुप्ता, राजेश कुमार, पीयूष मिंज, राम प्रवेश यादव, प्रदीप कुमार यादव समेत कर्मचारी उपस्थित रहे।
