
“प्रखर विश्वकर्मा”
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। महाअष्टमी के पावन अवसर पर अर्दली बाजार स्थित न्यू डी-लाइट क्लब दुर्गा पूजा समिति का पंडाल देखने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। इस वर्ष समिति द्वारा केदारनाथ धाम मंदिर के भव्य और दिव्य स्वरूप में पंडाल का निर्माण कराया गया है, जो कलात्मकता का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए क्षेत्र में मुख्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

पंडाल की अलौकिक सजावट और रात के समय रंग-बिरंगी आधुनिक प्रकाश व्यवस्था से पूरा इलाका उत्सव के उल्लास से सराबोर नजर आ रहा है। यहाँ स्थापित माँ दुर्गा की मनमोहक और दिव्य प्रतिमा भक्तों को मंत्रमुग्ध कर रही है। अष्टमी के दिन दर्शन और पूजन के लिए पूरी रात श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय और हर्षोल्लास का माहौल बना हुआ है। संयोजन में वरिष्ठ संरक्षक संजय श्रीवास्तव मोले, अशोक सिंह लल्लन, मनोज रावत अच्छू, संजय विश्वकर्मा, समेत सभी पदाधिकारी जुटे रहे।
