550 करोड़ की लागत से विद्युत सुधार के कराए जा रहे हैं कार्य-स्टाम्प मंत्री

विद्युत सुधार के कराए जा रहे कार्यों पर पैनी नजर रखे जाने हेतु क्षेत्रीय विभागीय अभियंता एवं पार्षदों की टीम बनाकर कार्यों पर निगरानी रखी जाए
वाराणसी। प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को चेताया है कि 550 करोड़ की लागत से काशी में विद्युत सुधार के लिये कराये जा रहे जगह-जगह विद्युत तारों के मकड़जाल को हटाकर तारों का सुदृढ़ीकरण, पोलो को बदलने, पुराने ट्रांसफार्मरों के उच्चीकरण, नये ट्रांसफार्मरों को लगाने, विद्युत उप केंद्रों का उच्चीकरण एवं नये विद्युत उप केंद्रों का निर्माण आदि बुनियादी सुविधाओं के कार्यों में किसी भी स्तर भ्रष्टाचार बर्दास्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने प्रबंध निदेशक, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम से विशेष रूप से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रस्तावित सभी कार्य मानक के अनुसार गुणवत्ता के साथ पूरा हो। इसके लिये उन्होंने क्षेत्रीय पार्षद एवं विभागीय अभियंता की टीम बनाकर क्षेत्र में होने वाले कार्यों के साथ अब तक कराए गए कार्यों की सतत् निगरानी कराए हेतु निर्देशित किया।
मंत्री रविन्द्र जायसवाल बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ शहर में कराए जा रहे 550 करोड़ रुपये से विद्युत सुधार कार्यों के प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि विद्युत विभाग द्वारा कराए जा रहे कार्यो के बाबत प्रगति की जानकारी पर जहा पर 90 फीसदी कार्य होने का क्षेत्रीय विभागीय अभियंता दावा कर रह हैं, वहीं क्षेत्रीय पार्षदों द्वारा कार्य के प्रगति को नकार दिया जा रहा है। यह स्थिति कत्तई उचित नहीं है। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि विभागीय उच्चाधिकारी भी कार्यों पर निगरानी रखें और यदि स्थलीय जांच में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिली, तो जिम्मेदार अधिकारी किसी भी दशा में बक्से नहीं जाएंगे।
बैठक में प्रबंध निदेशक, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम, उपाध्यक्ष विकास प्राधिकरण, विभागीय वरिष्ठ अधिकारी एवं अभियंताओं के अलावा पार्षद रोहित मिश्रा, पार्षद सिद्धनाथ शर्मा, पार्षद सुशील गुप्ता, पार्षद संदीप रघुवंशी, पार्षद राजेंद्र यादव, पार्षद राजेंद्र मौर्य, पार्षद विनय सडेजा, पार्षद बलीराम कन्नौजिया पार्षद कुसुम पटेल, पूर्व पार्षद दिनेश यादव, पार्षद अमित मौर्या, पार्षद अभय पांडेय, दिनेश सिंह दीनू आदि लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
