केन्द्रीय कारागार रामलीला: ताड़का वध से लेकर राम-जानकी मिलन तक की लीला का हुआ मंचन

Share News

वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। केन्द्रीय कारागार में दस दिवसीय रामलीला के दूसरे दिन सोमवार को रामचरितमानस के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया। लीला की शुरुआत गुरु वशिष्ठ द्वारा भगवान राम सहित चारों भाइयों के नामकरण संस्कार से हुई। इसके बाद महर्षि विश्वामित्र के अयोध्या आगमन और यज्ञ की रक्षा के लिए राजा दशरथ से राम-लक्ष्मण को मांगने का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। गुरु वशिष्ठ के समझाने पर दशरथ ने दोनों राजकुमारों को विश्वामित्र के साथ भेज दिया। मार्ग में भगवान राम ने ताड़का, सुबाहु आदि राक्षसों का वध कर ऋषियों को भयमुक्त किया। इससे प्रसन्न होकर महर्षि विश्वामित्र ने अपनी तपस्या से प्राप्त दिव्य अस्त्र भगवान राम को समर्पित किए। इसके बाद पुष्प लेने जनक वाटिका पहुंचे भगवान राम और गौरी पूजन के लिए आईं माता जानकी के प्रथम मिलन का मनोहारी मंचन हुआ। दोनों के एक-दूसरे को देखने और जानकी जी के मन ही मन राम को पति रूप में स्वीकार करने के प्रसंग ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इसी के साथ दूसरे दिन की लीला का समापन हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र, चिकित्साधिकारी अभिषेक सिंह, प्रभारी जेलर अमित कुमार वर्मा, उपकारापाल अशोक कुमार राय, अयोध्या प्रसाद, भोजराज, अमिता श्रीवास्तव और फार्मासिस्ट संदीप खरे सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *