
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। अतिप्राचीन शिवपुर की रामलीला में सोमवार की रात जयन्त नेत्रभंग और माता सीता-अनसूया मिलन प्रसंग का मंचन किया गया। कलाकारों ने सजीव अभिनय के माध्यम से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। जयन्त प्रसंग में दिखाया गया कि वनवास के दौरान इंद्रपुत्र जयन्त कौए का रूप धारण कर माता सीता के चरण में चोंच मारकर उन्हें घायल कर देता है। इससे क्रोधित भगवान श्रीराम एक तिनके में ब्रह्मास्त्र की शक्ति भरकर उसे जयन्त के पीछे छोड़ देते हैं। तीनों लोकों में शरण न मिलने पर जयन्त श्रीराम के चरणों में गिरकर क्षमा मांगता है। भगवान श्रीराम उसे क्षमा कर देते हैं, लेकिन दंडस्वरूप उसका एक नेत्र नष्ट कर देते हैं।इसके बाद माता सीता और सती अनसूया की भेंट का मंचन हुआ। वनवास के दौरान माता सीता भगवान श्रीराम के साथ महर्षि अत्रि के आश्रम पहुंचती हैं। सती अनसूया उन्हें पतिव्रत धर्म की महिमा समझाती हैं और दिव्य वस्त्र-आभूषण भेंट करती हैं। इस प्रसंग के माध्यम से नारी के आदर्श, त्याग और समर्पण का संदेश दिया गया। रामलीला समिति के अध्यक्ष अतुलेश उपाध्याय ने कहा कि शिवपुर की रामलीला धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का माध्यम है। वहीं, समिति के मंत्री त्रिलोकी सेठ ने कहा कि रामलीला का मंचन समाज को आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
