
डॉ. सुनील साह ने दी मधुमेह नियंत्रण की सलाह
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। श्री काशी अग्रवाल समाज के अग्रसेन जयंती समारोह के तहत अग्रसेन इंटर कॉलेज में जारी ‘श्री अग्रसेन मेडिकल हेल्पलाइन’ के छठे दिन निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। साह हॉस्पिटल के डॉ. सुनील साह ने अत्याधुनिक एआई (AI) कैमरे से 125 मरीजों के आंखों की जांच की, जिसमें 40 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों में अधिकांश मामले ‘डायबिटिक रेटिनोपैथी’ के पाए गए।डॉ. साह ने चेतावनी दी कि असंतुलित खानपान व अनियमित दिनचर्या से 35 वर्ष से अधिक उम्र के युवाओं में मधुमेह का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि 7 वर्षों से अधिक समय से मधुमेह पीड़ित मरीजों के आंखों के परदे (रेटिना) प्रभावित होने लगते हैं। इलाज न कराने पर धीरे-धीरे आंखों की रोशनी जा सकती है। उन्होंने मरीजों को सुबह व्यायाम, प्राणायाम, फाइबर युक्त आहार (खीरा व चौराई का साग) लेने और एसी में कम बैठने की सलाह दी।शिविर की मुख्य संयोजक शशिबाला शाह ने बताया कि सर्व समाज व मुस्लिम बहुल क्षेत्रों से आए लोगों की जांच की गई। शनिवार, 10 अक्टूबर को 70 वर्ष से ऊपर के बुजुर्गों के लिए निःशुल्क आयुष्मान एवं आभा कार्ड बनाए जाएंगे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य संयोजक प्रद्युम्न अग्रवाल व डॉ. साह द्वारा अग्रसेन जी के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। इस अवसर पर सौरभ अग्रवाल, भूपेंद्र अग्रवाल, अतुल गोयल आदि मौजूद रहे।
