गुरुजनों के सम्मान के साथ मेधावियों का बढ़ाया हौसला

Share News

वाराणसी। भारत विकास परिषद वरुणा शाखा की ओर से बुधवार को गिलट बाजार स्थित नवरचना कॉन्वेंट स्कूल में ‘गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन’ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा के अनुरूप गुरुजनों का तिलक लगाकर तथा अंगवस्त्रम भेंटकर सम्मान किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने गुरुजनों से आशीर्वाद लेकर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। समारोह में कक्षा आठ, नौ एवं दस की परीक्षाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. राम सुधार सिंह ने गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने और संस्कारों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य पल्लवी सिंह ने भारत विकास परिषद के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में संस्कार, कृतज्ञता और उत्कृष्ट प्रदर्शन की भावना विकसित होती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष ओमप्रकाश यादव ने की। संचालन विवेक सूद ने किया। गतिविधि संयोजक नीतू सिंह, अनुराग शर्मा, सचिव दिनेश जायसवाल सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। अंत में सचिव ने सभी के प्रति आभार जताया।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *