
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। एलटी कॉलेज (अर्दली बाजार) परिसर स्थित स्वामी विवेकानंद प्रवास स्थल पर स्वामी विवेकानंद स्मृति भवन के मरम्मत एवं संरक्षण को लेकर जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित पांच सदस्यीय जांच समिति ने मंगलवार को स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने भवन की स्थिति का जायजा लेने के साथ ही संरक्षण और मरम्मत से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी के 31 अगस्त के आदेश के तहत गठित समिति में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), जिला विद्यालय निरीक्षक, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी, क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी और तहसीलदार सदर शामिल हैं। आदेश में समिति को प्रकरण की स्थलीय एवं अभिलेखीय जांच कर दो दिन में अपनी संयुक्त जांच आख्या उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। निरीक्षण के दौरान विवेकानंद प्रवास स्थल संरक्षण समिति की ओर से एडवोकेट विनोद पांडेय भैयाजी, एडवोकेट नित्यानंद राय, राजीव सिन्हा, मिलिंद श्रीवास्तव, शरद श्रीवास्तव, राकेश, विपुल पाठक और राकेश गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे। समिति के सदस्यों ने स्थल से संबंधित जानकारी ली और भवन के संरक्षण की जरूरतों का जायजा लिया।
