
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के बेलवरिया में बुधवार को खाली प्लॉट में खोदे गए करीब 11 फीट गहरे गड्ढे में भरे बारिश के पानी में डूबने से 11वर्षीय आशु पटेल की मौत हो गई। आशु समाचार पत्र विक्रेता रवि पटेल के छोटे भाई अभय पटेल का पुत्र था। अभय पेंटिंग का काम करते हैं।परिजनों के अनुसार आशु बुधवार सुबह करीब छह बजे से लापता था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास के पोखरों, तालाबों और अन्य स्थानों पर उसकी तलाश की। घर के पास खाली प्लॉट में गड्ढे में पानी भरा देखकर परिजनों को आशंका हुई। खोजबीन करने पर आशु पानी में मिला। उसे बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर शिवपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
