
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। बच्चों को साहित्य से जोड़ने और उनकी कल्पनाशीलता को विकसित करने की जरूरत है। आज आवश्यकता है कि बाल साहित्य केवल बड़ों की अलमारी की शोभा न बने, बल्कि बच्चों के हाथों तक पहुंचे। यह बातें नागरी प्रचारिणी सभा के प्रधानमंत्री व्योमेश शुक्ल ने कहीं। वह सोमवार को होटल मेडॉस, कैंटोनमेंट में साहित्यिक मासिक पत्रिका ‘सोच विचार’ के बाल साहित्य विशेषांक के लोकार्पण समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए लिखना सबसे कठिन काम है, क्योंकि बच्चा न दिखावे से प्रभावित होता है और न उपदेश से। पंचतंत्र से लेकर दादी-नानी की कहानियों तक हमारी भाषा की असली नींव बच्चों की कल्पनाओं में है। आज जब बचपन स्क्रीन के हवाले हो रहा है, ऐसे में बाल साहित्य विशेषांक प्रकाशित करना सांस्कृतिक पहल है।अध्यक्षता कर रहे हिन्दुस्तानी एकेडमी, प्रयागराज के पूर्व अध्यक्ष डॉ. उदय प्रताप सिंह ने कहा कि बाल्यकाल का महत्व जीवन के लिए वही है, जो दिन के लिए सुबह का। जातक, पंचतंत्र और लोककथाओं ने बालमन को कल्पना की ऊंची उड़ान दी है। विशिष्ट अतिथि डॉ. दयानिधि मिश्र ने पत्रिका के प्रयास की सराहना की। अतिथि संपादक पद्मश्री प्रो. उषा यादव ने कहा कि मोबाइल के बढ़ते प्रभाव से बच्चों का बचपन और संस्कार प्रभावित हो रहे हैं। इस अवसर पर लखनऊ की नीलम राकेश और नई दिल्ली की कामना सिंह को सेवक साहित्यश्री सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया। वहीं वाराणसी के 11 विद्यालयों के विद्यार्थियों को सोच विचार विद्यार्थी प्रतिभा सम्मान प्रदान किया गया।
शुभारंभ बाल साधक सार्थक मिश्र की शंखध्वनि से हुआ। साहित्यिक संघ के मंत्री डॉ. जितेन्द्र नाथ मिश्र ने स्वागत किया। संचालन हिमांशु उपाध्याय और धन्यवाद ज्ञापन अजय द्विवेदी ने किया। समारोह में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ राम सुधार सिंह, डॉ. इंदीवर, प्रो. श्रद्धानन्द, शिव कुमार पराग, डॉ. अशोक सिंह, सुरेन्द्र वाजपेयी, ओम धीरज, वासुदेव उबेरॉय और नरेन्द्र नाथ मिश्र आदि थे।
