कॉर्पोरेट जगत की ओर बढ़ा उदय प्रताप कॉलेज का कदम

Share News

बीकॉम रिटेल ऑपरेशन्स के छात्रों को मिलेगी एक वर्ष की अनिवार्य अप्रेंटिसशिप

वाराणसी। उदय प्रताप (स्वायत्तशासी) कॉलेज ने छात्रों को रोजगारोन्मुखी शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। कॉलेज में संचालित बी.कॉम. (रिटेल ऑपरेशन्स मैनेजमेंट) पाठ्यक्रम के तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों को अब शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के बोर्ड ऑफ अप्रेंटिसशिप एंड ट्रेनिंग (BOAT) के माध्यम से एक वर्ष की अनिवार्य अप्रेंटिसशिप एवं औद्योगिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें उद्योग जगत की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराना तथा बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इस व्यवस्था के तहत विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित कॉर्पोरेट संस्थानों एवं रिटेल उद्योग में कार्य करने का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। प्रशिक्षण के दौरान वे वास्तविक कार्य-परिस्थितियों में अपनी दक्षताओं का विकास करेंगे। इससे उनकी प्रोफेशनल प्रोफाइल मजबूत होगी और डिग्री के साथ एक वर्ष का औद्योगिक अनुभव उन्हें रोजगार की दौड़ में अन्य अभ्यर्थियों की तुलना में प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त दिलाएगा।

योजना को औपचारिक रूप देने के लिए कॉलेज की डॉ. रश्मि सिंह ने कानपुर स्थित BOAT के क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक में कॉलेज का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान दोनों संस्थानों के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए, जिससे कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम का मार्ग प्रशस्त हो गया। कॉलेज प्रशासन ने बताया कि महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी में BOAT का माइक्रो ऑफिस संचालित होने से विद्यार्थियों को पंजीकरण, दस्तावेज़ सत्यापन, मार्गदर्शन तथा अप्रेंटिसशिप से जुड़ी अन्य प्रक्रियाओं में स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलेगी। कॉलेज के अनुसार वर्तमान समय में केवल सैद्धांतिक शिक्षा पर्याप्त नहीं है। इसी सोच के अनुरूप पाठ्यक्रम को इस प्रकार तैयार किया गया है कि विद्यार्थी ग्राहक प्रबंधन, रिटेल स्टोर संचालन, सप्लाई चेन, इन्वेंट्री मैनेजमेंट और आधुनिक व्यावसायिक प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त कर सकें। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की भावना के अनुरूप कौशल विकास, इंटर्नशिप और रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *