
वाराणसी। राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अर्दली बाजार व्यापार मंडल के तत्वावधान में अर्दली बाजार तिराहे पर भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान तिरंगा शान से लहराया और उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के साथ देश की आजादी के अमर वीरों को नमन किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। वक्ताओं ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता और विकास में प्रत्येक नागरिक की भूमिका पर जोर दिया। व्यापारियों ने राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करने और सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प भी लिया। संचालन और संयोजन पार्षद एवं अर्दली बाजार व्यापार मंडल अध्यक्ष विनय कुमार शादेजा ने किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के वीर सपूतों के बलिदान को याद करने के साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी नागरिकों से देश की प्रगति, स्वच्छता और सामाजिक सौहार्द के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। ध्वजारोहण के दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति के नारों और भारत माता के जयघोष से गूंज उठा। कार्यक्रम में व्यापार मंडल से जुड़े पदाधिकारी, व्यापारी एवं क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
